बड़ी खबर : कुएं में मिली मासूम की लाश, मां ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, शाहनगर के चौपरा गांव में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

कटनी/शाहनगर, यशभारत। पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चौपरा में सात वर्षीय मासूम आकाश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में डूबने से मौत का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। रविवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। मृतक बालक की मां ने अपने ही पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके बेटे को कुएं में फेंककर उसकी हत्या की गई है। मां के आरोपों के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है। हालांकिए इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बालक के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह एक दुर्घटना हैए आत्महत्या है या हत्या। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।







