कटनी

जल निगम की लापरवाही का मुद्दा उठा सामान्य सभा की बैठक में, योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सदस्यों ने जताई नाराजगी, उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक

कटनी, यशभारत। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता और जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की मौजूदगी में आयोजित की गई। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, बिजली बिलों और किसानों को उपार्जन में होने वाली समस्याओं पर बेबाकी से अहम सवाल किए। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को विभागीय गतिविधियों, उपलब्धियों, कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। विदित हो कि अपरिहार्य एवं आवश्यक कारणों से जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुपस्थिति के कारण बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा द्वारा की गई। जिला पंचायत सदस्यों द्वारा सुझाव दिए जाने पर सीईओ ने सदस्यों के सुझावों को मिनिट्स बुक में दर्ज करते हुए अधिकारियों को तथ्यात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके पूर्व अधिकारियों द्वारा विगत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर उपस्थित सदस्यों को समुचित जानकारी दी गई।
पंचायतों को अनाप-शनाप भेजे जा रहे बिजली बिल
जिला पंचायत सदस्यों ने मप्र विद्युत मंडल द्वारा ग्राम पंचायतों को भेजे जा रहे अनाप-शनाप बिजली बिलों को लेकर असंतोष जाहिर करते हुए विद्युत बिल सुधार कराने हेतु अधिकारियों से चर्चा की। इसी प्रकार जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन को चुस्त दुरुस्त रखने के संबंध में संवाद हुआ। उपार्जन कार्य में किसानों द्वारा स्लाट बुक करने पर बुक नहीं होने पर चर्चा हुई तथा सदस्यों ने किसानों को स्लाट बुक करने हेतु टोकन जारी करने के संबंध में विचार विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई करने हेतु अधिकारियों से वार्तालाप किया।
आयुष्मान कार्ड को लेकर निर्देश
सीईओ ने आयुष्मान कार्ड का लाभ एवं उपयोगिता जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक जानकारी और प्रोसेस के संबंध में व्यापक रूप से प्रचार प्रसार कराने हेतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला पंचायत द्वारा जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कराए गए कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के द्वारा सदन को दी गई। इस दौरान बारिश के पानी की एक.एक बूंद को सुरक्षित एवं संरक्षित करने पर जोर दिया गया।
इनक रही उपस्थिति
बैठक में जिला पंचायत सदस्य प्रेमलाल केवट, अजय गोटिया, कविता राय, प्रदीप त्रिपाठी माला मौसी, रीना लोधी, प्रिया सिंह, संगीता देवी, बहोरीबंद जनपद अध्यक्ष लालकमल बंसल, ढीमरखेड़ा से सुनीता दुबे, रीठी से श्याम कली, एसीईओ अनुराग मोदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button