फर्जी सिम रैकेट का पर्दाफाश : “ऑपरेशन FACE” में दो आरोपी गिरफ्तार… पढ़े पूरी खबर

दमोह। जिले में फर्जी सिम कार्ड के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस मुख्यालय और राज्य साइबर सेल भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन FACE (Facial Authentication and Compliance Enforcement)” के तहत दमोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन में गठित टीम ने साइबर सेल भोपाल के साथ मिलकर वर्ष 2019 से 2021 के बीच सक्रिय किए गए सिम कार्डों की जांच की। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कुल 1204 सिम कार्ड फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक्टिवेट किए गए थे।
ऐसे हुआ खुलासा
टेलीकॉम कंपनियों से CAF (Customer Application Form) रिपोर्ट मंगाकर जब सूक्ष्म जांच की गई, तो सामने आया कि हटा क्षेत्र के कुछ लोगों के आधार कार्ड का दुरुपयोग कर उनकी जगह आरोपियों ने अपनी फोटो लगाकर सिम कार्ड जारी कराए। पीड़ितों ने बयान में साफ बताया कि उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
भरत उर्फ मोंटी तंतवाय (कमला नेहरू वार्ड, हटा)
रजनीश अहिरवार (ग्राम कुलुआ, थाना हटा, जिला दमोह)
फर्जीवाड़े का तरीका
आरोपियों ने असली आधार कार्ड लेकर उसमें अपनी फोटो लगाई, अलग-अलग मोबाइल नंबरों से सिग्नेचर वेरिफिकेशन किया और कई नामों से सिम कार्ड एक्टिव कर उन्हें बेच दिया। यह पूरा खेल आर्थिक लाभ कमाने के लिए रचा गया था।
कानूनी कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना हटा में भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 468, 471, 34 एवं आईटी एक्ट की धारा 66(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
आगे की जांच जारी
साइबर सेल के अनुसार अभी और भी फर्जी सिम कार्ड की जांच जारी है। शेष CAF रिपोर्ट मिलते ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील: आम नागरिक अपने दस्तावेज किसी को भी बिना सत्यापन के न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







