मध्य प्रदेशराज्य

प्रॉपर्टी विवाद में रची गई थी फायरिंग की साजिश : 3 आरोपी गिरफ्तार

सिवनी यश भारत । सिवनी शहर के बुधवारी क्षेत्र में पिछले दिनों हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस अधीक्षक ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि करोड़ों रुपये की विवादित संपत्ति को लेकर रची गई साजिश के तहत बाहर से शूटर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने मामले में एक शूटर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी फरार है।

एसपी कृष्ण लालचन्दानी ने बताया कि 12 जून को सुनारी मोहल्ला निवासी शैलेन्द्र चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11-12 जून की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर गोली चलाई। पुलिस को मौके से कारतूस का खोखा मिला था, जबकि गोली शटर को भेदते हुए घर के अंदर तक पहुंची थी। जिस स्थान पर गोली लगी, वहां फरियादी सामान्यतः सोता था। घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं था, जिससे उसकी जान बच गई।

पुलिस जांच में पता चला कि छिंदवाड़ा चौक स्थित लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य की एक विवादित संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद का लाभ उठाने की नीयत से कुछ लोगों ने ऐसी साजिश रची कि हमला होने पर संदेह संपत्ति विवाद से जुड़े अन्य पक्षों पर जाए और उन्हें संपत्ति पर कब्जा करने का अवसर मिल सके।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के अनुसार सिवनी निवासी अमन चौहान और फरार आरोपी गौरव दीक्षित ने भोपाल से निखिल वाथम और गोलू अहिरवार को बुलाया था। निखिल ने देशी पिस्टल से फायरिंग की, जबकि गोलू मोटरसाइकिल चलाकर उसे घटनास्थल तक लेकर आया।

पुलिस ने निखिल वाथम, गोलू अहिरवार और अमन चौहान को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल जब्त की है। मुख्य आरोपी गौरव दीक्षित की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के विरुद्ध पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की आगे जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button