कटनी

चप्पे-चप्पे पर फोर्स, रूट चार्ट तैयार, जाम से निपटने इंतजाम, संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर, नवरात्र और दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट

कटनी, यशभारत। नवरात्र और दशहरा पर्व को आपसी सौहाद्र्र एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। शहर सहित समूचे जिले में पर्व के दौरान अप्रिय स्थिति से निपटने, यातायात नियंत्रण और विसर्जन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चौराहे-चौराहे खाकीवर्दी धारियों की तैनाती के साथ ही संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखी जाएगी। कटनी जिले और बाहर से आने वाले बल की तैनाती के लिए व्यवस्था रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। थानों की पुलिस को भी पर्व के दौरान पूरे समय एक्टिव रहने के लिए निर्देशित किया गया है। कटनी, कैमोर, माधवनगर, विजयराघवगढ़, देवरीहटाई और अन्य ग्रामीण इलाकों में दशहरा चल समारोह और रावण दहन कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी है। थानों में शांति समिति की बैठकें आयोहित कर पर्व को आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने का आव्हान किया जा रहा है। पूरी व्यवस्था की मॉनीटरिंग पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा द्वारा की जा रही है।
सभी थानों में दुर्गा पंडालों की लिस्ट तैयार
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने यशभारत से बात करते हुए बताया कि जिले के सभी थानों में दुर्गा पंडालों की लिस्ट तैयार कर ली गई है। जिन स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की जाना है, वहां व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना न हो। एसपी ने बताया कि समितियों के पदाधिकारियों से कहा गया है कि वे दुर्गा प्रतिमा स्थापित होने के बाद पंडाल पर ही रहें और आपात स्थिति से निपटने में पुलिस का सहयोग करें।
भीड़ नियंत्रण के लिए बनी रणनीति
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि पिछले साल दुर्गोत्सव और दशहरा चल समारोह के दौरान जिन स्थानों पर जाम की स्थिति निर्मित हुई थी, उन स्थानों पर पुलिस का खास फोकस है, इसलिए अभी से रणनीति तैयार कर ली गई है। कोतवाली, कुठला, माधवनगर, रंगनाथ नगर, एनकेजे और यातायात थाना के प्रभारियों को भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम करने के साथ ही रूट चार्ज बनाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा उन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां पर जाम की सबसे ज्यादा स्थिति निर्मित होती है, साथ ही नवरात्र की सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन जिन दुर्गा पंडालों में भंडारा आयोजित किया जाता है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे भीड़ नियंत्रित की जा सके।
बाहर से भी आ रहा बल
एसपी ने बताया कि पर्व के दौरान जिला पुलिस बल, पुलिस लाइन, सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड, यातायात और महिला थाने के बल की तैनाती जा रही है। इसके अलावा बाहर से भी फोर्स आ रही है। एक अनुमान के मुताबिक पूरे जिले में 600 से ज्यादा पुलिस कर्मी पर्व की कमान संभालेंगे।
चौपाटी और कैमोर में सुरक्षा के खास इंतजाम
विजयादशमी के पावन पर्व पर कटनी शहर में फॉरेस्टर चौपाटी और औद्योगिक नगरी कैमोर में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस दौरान हजारों की तादात में लोगों की भीड़ मौजूद रहेगी। रावण दहन के दौरान किसी तरह की कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बल की तैनाती के साथ ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहेंगे। रावण दहन कमेटियों से भी व्यवस्था में सहयोग के लिए कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button