सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिनैकी कला के समीप जंगल में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नरेंद्र यादव के रूप में की गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह के समय ग्राम बिनैकी कला के कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने जंगल में एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ एक युवक देखा। युवक को इस हालत में देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना घंसौर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और मौके पर पंचनामा कार्यवाही की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।
पुलिस के अनुसार मृतक नरेंद्र यादव ग्राम बिनैकी कला का निवासी था। युवक ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नरेंद्र सामान्य स्वभाव का युवक था, जिससे इस तरह की घटना ने सभी को हैरान कर दिया है।
Back to top button