दमोह। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में, एसडीओपी तेंदूखेड़ा के नेतृत्व में थाना तारादेही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम तारादेही स्थित बायपास तिराहा पर बने एक मकान में छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी साहिल पिता राजेश घोषी, निवासी तारादेही की ऑटो पार्ट्स दुकान के पीछे बने कमरे से अवैध रूप से रखी गई 19 पेटी शराब बरामद की।
जब्त की गई शराब में देशी प्लेन, लाल मसाला और सागर गोल्ड व्हिस्की शामिल है, जिनकी कुल मात्रा 932 पाव (करीब 167.76 लीटर) पाई गई। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 98,060 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Back to top button