पांच दिन बाद खुलेंगे पेंच के गेट, लेकिन पहले तीन दिन की सफारी फुल : नए पर्यटन सीजन को लेकर पर्यटकों में उत्साह, टुरिया, कर्माझिरी और जमतरा गेट की एडवांस बुकिंग पूरी.. देखें पूरा वीडियो.

सिवनी यश भारत:- सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व का नया पर्यटन सीजन शुरू होने में अब महज पांच दिन शेष हैं। एक अक्टूबर से कोर एरिया पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा, लेकिन सफारी को लेकर पर्यटकों का उत्साह अभी से नजर आने लगा है। सीजन के शुरुआती तीन दिनों 1 से 3 अक्टूबर तक कोर एरिया की एडवांस बुकिंग फुल हो चुकी है। ऐसे में बिना पूर्व बुकिंग के पहुंचने वाले पर्यटकों को उपलब्धता के अनुसार सफारी का इंतजार करना पड़ सकता है।
करीब 92 दिनों के मानसून अवकाश के बाद पेंच के कोर एरिया में एक अक्टूबर से पर्यटन गतिविधियां फिर शुरू होंगी। नए सीजन के लिए पार्क प्रबंधन द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में की जा रही हैं। इस बार शासन द्वारा सफारी शुल्क में बढ़ोतरी नहीं की गई है। भारतीय पर्यटकों के लिए एक वाहन का प्रवेश शुल्क 2,640 रुपए निर्धारित है। इसके अलावा गाइड शुल्क अलग से देना होगा। गाइड श्रेणी के अनुसार शुल्क 800 और 1,000 रुपए है। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क निर्धारित दर का दोगुना रहेगा।
पेंच के टुरिया, कर्माझिरी और जमतरा प्रवेश द्वारों से निर्धारित संख्या में पर्यटक वाहनों को कोर एरिया में प्रवेश दिया जाता है। सुबह की पारी में करीब 50 और दोपहर की पारी में 49 वाहनों की अनुमति रहती है। बुधवार को दोपहर की सफारी नहीं होती है।
वाहनों की फिटनेस और रास्तों की मरम्मत जारी
पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सफारी वाहनों की फिटनेस जांच कराई जा रही है। पार्क में करीब 250 सफारी वाहनों का पंजीयन है और इस बार सफारी में पेट्रोल चालित वाहनों का उपयोग किया जाएगा। बारिश के दौरान कई स्थानों पर कच्चे रास्तों में मिट्टी का कटाव हुआ है, जिसे दुरुस्त करने के साथ ही मार्गों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कराई जा रही है।
इस वर्ष बारिश अपेक्षाकृत कम होने के कारण जलभराव की बड़ी समस्या सामने नहीं आई है।
गाइडों को अंग्रेजी भाषा की ट्रेनिंग
पर्यटकों को बेहतर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए गाइडों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
खवासा में गाइडों को अंग्रेजी भाषा में वन्यजीव, पक्षियों और वनस्पतियों के नाम तथा पेंच से जुड़ी जानकारी बताने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पहले करीब 110 गाइडों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्हें पर्यटकों से व्यवहार, पार्क के नियमों और सफारी के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी जा रही है।
पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने बताया कि नए पर्यटन सीजन को लेकर तैयारियां जारी हैं। पर्यटन संबंधी बैठक हो चुकी है। वाहनों की फिटनेस, सफारी मार्गों की सफाई एवं सुधार कार्य कराया जा रहा है। गाइडों को भी आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।







