पदवृद्धि की मांग को लेकर 21 अगस्त को भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों का महाआंदोलन डीपीआई से नीलम पार्क तक निकलेगी रैली, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

पदवृद्धि की मांग को लेकर 21 अगस्त को भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों का महाआंदोलन
डीपीआई से नीलम पार्क तक निकलेगी रैली, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। शिक्षक भर्ती 2025 वर्ग-2 (माध्यमिक) और वर्ग-3 (प्राथमिक) में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदेशभर के शिक्षक अभ्यर्थी 21 अगस्त को राजधानी भोपाल में बड़ा आंदोलन करेंगे। अभ्यर्थियों के अनुसार हजारों की संख्या में अभ्यर्थी डीपीआई (लोक शिक्षण संचालनालय) के पास जुटेंगे। यहां ज्ञापन और प्रदर्शन के बाद रैली के रूप में नीलम पार्क पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि दोनों भर्तियों में घोषित पदों की संख्या अपेक्षाकृत कम है जिसके कारण बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी चयन से वंचित रह जाएंगे। पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से अलग अलग चरणों में आंदोलन कर रहे हैं। 17 नवंबर 2025 से लेकर जुलाई 2026 तक कई बार धरना प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। आंदोलन के दौरान भूख हड़ताल मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखने और विरोध स्वरूप मुंडन तथा मार्कशीट दहन जैसे प्रदर्शन भी किए गए। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि 17 अप्रैल को मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए पॉलिटेक्निक चौराहे पर शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचे अभ्यर्थियों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया। उनका दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं। महिला अभ्यर्थियों के साथ भी अनुचित व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। अभ्यर्थियों ने बताया कि पद वृद्धि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री सहित शिक्षा मंत्री वित्त मंत्री भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। उनका कहना है कि लगातार मांगों के बावजूद ठोस निर्णय नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। अब 21 अगस्त के आंदोलन के जरिए सरकार से पद बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया में अधिक अभ्यर्थियों को अवसर देने की मांग की जाएगी।







