मध्य प्रदेशराज्य

पत्र सूचना कार्यालय का वार्तालाप कार्यक्रम : योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन की जिंदगी हुई सुगम 

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) भोपाल, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा सिवनी में एक दिवसीय मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन के दैनिक जीवन में स्पष्ट सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, सिंचाई और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पहले सिवनी से भोपाल की यात्रा लंबी और कठिन मानी जाती थी, लेकिन अब बेहतर सड़कों और हाईवे के कारण यह सफर काफी सुगम और कम समय में पूरा हो रहा है।

सांसद प्रतिनिधि पीयूष दुबे ने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इन्हें प्राथमिकता के साथ लागू कर रही है, जिससे आमजन का जीवन आसान हुआ है। कलेक्टर शीतला पटले ने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया का योगदान सराहनीय है, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ उठा पा रहे हैं।

कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में पीआईबी भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने कहा कि ऐसे वार्तालाप कार्यक्रमों का उद्देश्य मीडिया और सरकार के बीच संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डेहरिया सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दूसरे सत्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नरेगा, आयुष्मान भारत, कृषि कल्याण एवं मुद्रा योजना जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शेखर बघेल ने किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। स्वास्थ्य विभाग के डॉ. प्रदीप गेडाम ने आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी।

कार्यक्रम में सफल उद्यमियों और किसानों ने भी अपनी सफलता की कहानियां साझा कर अन्य नागरिकों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह बैंस ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अजय प्रकाश उपाध्याय ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button