पत्नी की मौत पर साली को बच्चों की देखरेख के लिए साथ रखा, दे बैठा दिल; पति रुकावट बना तो मार डाला

रीवा जिले के पनवार थाना अंतर्गत बरहुला गांव में हुई हत्या का पुलिस ने दो दिन में खुलासा कर दिया है। मृतक की पत्नी का जीजा ही कातिल निकला। कोरोना की दूसरी लहर में आरोपी की पत्नी की मौत हो गई थी। ससुरालवालों की मर्जी से बच्चों की परवरिश के लिए 7 माह तक साली को अहमदाबाद में रखा। इसी बीच दोनों की नजदीकियां बढ़ गई। घरवालों ने 7 माह गुजर जाने के बाद साली को गांव बुलवा या।
साली के प्यार में पड़ा जीजा रोजाना अहमदाबाद ले जाने के बहाने खोज रहा था। हर बार साढू बीच में रोड़ा बन जाता था। ऐसे में आरोपी ने अपने छोटे भाई को बुलाते हुए रास्ते में मुंह दबाकर हत्या कर दी। फिर सिर पर पत्थर पटककर मनगढंत कहानी बताने लगा। वारदात वाली रात से ही पुलिस आईविटनेस पर ही शक कर रही थी। लेकिन, पुलिस आरोपी के मुंह से ही गुनाह कबूल करवाना चाहती थी। इसके लिए एक दिन की ढील दी और दूसरे दिन छोटे भाई व जीजा-साली को गिरफ्तार कर लिया।
पनवार थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह ने बताया कि रामअभिलाष मिश्रा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 26 फरवरी की रात 8.30 बजे मैं और मेरा साढू रविकांत मिश्रा डभौरा रेलवे स्टेशन से बरहुला जा रहे थे। रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाश बोलेरो से आए। आरोपियों ने हम लोगों की बाइक के सामने बोलेरो खड़ी कर रोक लिया। फिर साढू के साथ जमकर मारपीट करते हुए हत्या कर दी। रिपोर्ट के बाद हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की, लेकिन फरियादी के कथन और घटनास्थल के निरीक्षण में दिखी चीजें मैच नहीं कर रही थी।
सख्ती के बाद टूटा आरोपी, बताई पूरी कहानी
जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो आरोपी टूट गया। उसने पूरी कहानी बयां की। बताया कि घटना वाली रात छोटे भाई धनराज के साथ मिलकर गमछा से गला घोंट दिया। साजिश में मृतक की पत्नी कविता मिश्रा भी शामिल होना बताया। बाद में सभी संदेहियों से पूछताछ की तो बारी-बारी से तीनों ने जुर्म स्वीकार किया।
ये आरोपी गिरफ्तार
रविक्रांत मिश्रा (33) निवासी ददरी थाना जनेह हाल निवास बरहुला थाना पनवार की हत्या के मामले में रामअभिलाष मिश्रा पुत्र लालमन (36) और उसके सगे छोटे भाई धनराज मिश्रा पुत्र लालमन (25) निवासी उफरौली थाना मऊ जिला चित्रकूट उप्र सहित साली नीलू उर्फ कविता मिश्रा पति रविकान्त (32) निवासी ददरी थाना जनेह हाल ग्राम बरहुला थाना पनवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए एसपी नवनीत भसीन के निर्देश पर पांच थानों का पुलिस बल लगाया गया था। जिसमे पनवार थाने के साथ अतरैला थाना, डभौरा थाना, जवा थाना, चाकघाट थाना प्रभारी शामिल थे।







