नशे के कारोबारियों तक पहुंची पुलिस, चाकूबाजों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, वारदातों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। शहर में लगातार बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं और नशे में चूर युवाओं द्वारा घटित किए जाने वाली वारदातों को गंभीरतापूर्वक लेते हुए एनकेजे पुलिस ने पूर्व में चाकूबाजी की घटनाएं कर चुके नामजद बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से शहर में चाकूबाजी की वारदातों को ग्राफ तेजी के साथ बढ़ा है। ज्यादातर वारदातें नशे में चूर रहने वाले युवाओं द्वारा अंजाम दी गई हैं। इसके साथ ही एनकेजे पुलिस ने थाना क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वाले संदिग्धों के ठिकानों पर भी छापामार कार्यवाही करते हुए उन्हें सख्त लहजे में हिदायत दी। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि नशे में होने वाली चाकूबाजी की घटनाओं को गंभीरतापूर्वक लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है, जिसके तहत एनकेजे पुलिस ने थाना क्षेत्र में स्मैक, गांजे का अवैध व्यापार करने वालों के संदिग्ध ठिकानों में अचानक छापामार कार्यवाही की। ठिकानों की जांच करते हुए उन्हें नशे का अवैध व्यापार न करने की हिदायत भी दी गई है। इसके साथ ही चार ऐसे बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया जिन्होंने पहले चाकू बाजी की घटनाओं को अंजाम दिया था। बदमाशों के खिलाफ प्रबंधक कार्यवाही की गई है। पुलिस के द्वारा थाना क्षेत्र के गुंडे बदमाशों और अवैध व्यापार करने वालों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है।







