सतना शहर में गुरुवार देर रात कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए नशे में धुत युवकों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पांच से छह पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। यह सनसनीखेज घटना रात करीब 12 बजे कोलगवां थाना क्षेत्र के हनुमान नगर नई बस्ती की है।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर-15 में पानी की टंकी के पास कुछ युवक शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस के दो जवान बाइक से मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब युवकों को समझाने की कोशिश की, तो वे अभद्रता पर उतर आए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल को मौके पर बुलाया। पुलिस की मौजूदगी देखते ही आरोपी युवक भागकर नई बस्ती की ओर चले गए। जब पुलिस टीम उनका पीछा करते हुए बस्ती के भीतर पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद करीब एक दर्जन नशेड़ियों ने एक एएसआई और चार आरक्षकों को घेर लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया।
अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। हालात संभालना मुश्किल होता देख पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। खुलेआम पुलिस पर हुए हमले ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि एएसआई उमेश पांडेय के नेतृत्व में चार आरक्षकों को मौके पर भेजा गया था। शांति व्यवस्था बनाए जाने के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस से बदसलूकी की और पथराव किया। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Back to top button