नगरीय सीमा में फिर शुरू हुआ अवैध प्लाटिंग का खेल, बिना रोड नाली के कागजों में काटा ले-आउट, बिरसा मुंडा वार्ड के अंतर्गत पुरैनी का मामला

कटनी, यशभारत। नगर निगम एरिया के बिरसा मुंडा वार्ड पुरैनी में अवैध प्लाटिंग का खेल जोरों पर चल रहा है। यहां खाली पड़े भूखंड पर एक भू-माफिया द्वारा बकायदा कागज पर सिर्फ ले-आउट काटकर धड़ल्ले से प्लाट बेचे जा रहे हैं, जबकि मौके पर प्लाट में कहीं रोड नाली नहीं दर्शाई गई है। जानकर बताते हैं कि इसमें नगर निगम के कई अधिकारियों से भी सांठ-गांठ है। नियम विरुद्ध प्लाटिंग से सरकार को भी राजस्व का चूना लग रहा हैं। वार्ड के अंतर्गत डॉ नेमा गली मार्ग के किनारे पड़े भूखंडों को कागज पर ले-आउट काटकर प्लाटिंग कर बेचा जा रहा है। इस खेल में दर्जन भर से अधिक भू-माफिया सक्रिय बताए जा हैं। इस अवैध प्लाटिंग कार्य में राजस्व विभाग व नगर निगम की भी भूमिका बताई जा रही है। भू-माफिया किसानों की जमीन को पहले औने-पौने दामों में खरीद लेते हैं। फिर नियम विरुद्ध बिना नक्शा व कृषि भूमि को बिना आवासीय प्लाट दर्ज कराए प्रति प्लाट लाखों रुपए में बेचते हैं। जिम्मेदार ये सब जान कर भी अनजान बने हुए हैं।
दर्जनों जगह अवैध प्लाटिंग, नक्शा का स्वीकृत नहीं
प्लाटिंग में लगभग 95 प्रतिशत जमीनों का नक्शा पास नहीं है। साथ ही यह प्लाटिंग मानक को भी पूरा नहीं कर रही है। ऐसे में जो लोग प्लाट लेने जा रहे हैं या ले चुके हैं दोनों खतरे में हैं। प्लाट बेचने वाले दलाल और भू-माफियाओं ने आपको बहला फुसलाकर रजिस्ट्री तो करा दे रहे हैं। लेकिन ना तो जमीन की कीमत के मुताबिक स्टैंप लगाई और ना ही कृषि योग्य जमीन को आवासीय जमीन में परिवर्तित कराया है। ऐसे में आप भले ही घर बनवा चुके हो पर कभी भी प्रशासन का एक नोटिस आपके घर को गिराने के लिए काफी है। सरकार को भी यह माफिया करोड़ों रुपए के राजस्व का चूना लगा रहे हैं।
प्लाटिंग के यह है नियम
नियम के मुताबिक प्लाटिंग में 30 फीट चौड़ी सडक़ होनी चाहिए। पार्क होना चाहिए। सीवेज सिस्टम होना चाहिए। कृषि जमीन को आवासीय में परिवर्तित होनी चाहिए। नगर के अधिशासी अधिकारी द्वारा उस भूमि का नक्शा अनिवार्य है। लेकिन यहां तो भू-माफिया किसानों से एग्रीमेंट कर सीधे प्लाटिंग करना चालू कर दे रहे हैं।
इनका कहना है
अवैध प्लाटिंग की जानकारी मुझे नहीं है। में पता कराती हंू, अगर ऐसा है तो चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
-सुश्री तपस्या परिहार, आयुक्त
नगर पालिक निगम, कटनी







