भाजपा कार्यालय में प्रहलाद पटेल ने सुनीं जनसमस्याएं; 69 शिकायतों पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

भाजपा कार्यालय में प्रहलाद पटेल ने सुनीं जनसमस्याएं; 69 शिकायतों पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
भोपाल, यशभारत। भारतीय जनता पार्टी की सत्ता और संगठन के बीच समन्वय की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। निर्धारित व्यवस्था के तहत उन्होंने प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
दूसरे मंगलवार को मंत्री पटेल का संवाद
भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा बनाई गई रोस्टर व्यवस्था के अनुसार, महीने का दूसरा मंगलवार मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के लिए नियत है। इसी क्रम में आज उन्होंने पार्टी दफ्तर में बैठकर जनसंवाद किया। पटेल ने बताया कि यह व्यवस्था केंद्रीय कार्यालय में पहले से ही संचालित है, जिसका उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करना है।
69 लोगों ने साझा कीं अपनी समस्याएं
आज की जनसुनवाई में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 69 लोग अपनी शिकायतें और सुझाव लेकर पहुंचे। मंत्री पटेल ने एक-एक कर सभी से बातचीत की। प्राप्त आवेदनों में से अधिकांश समस्याएं उनके स्वयं के विभागों से संबंधित थीं। इन मामलों पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए और समय सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
अन्य विभागों के लिए भी बनी व्यवस्था
जनसुनवाई के दौरान कुछ मामले ऐसे भी आए जो अन्य मंत्रालयों से संबंधित थे। इन प्रकरणों को लेकर प्रहलाद पटेल ने स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यालय में ऐसी व्यवस्था की गई है जिससे इन आवेदनों को संबंधित विभागीय मंत्रियों तक पहुंचाया जा सके, ताकि कार्यकर्ताओं को भटकना न पड़े।
संगठन की परंपरा पर जताया गर्व
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा, यह व्यवस्था भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ताओं और जनता से सतत संपर्क की मजबूत परंपरा को दर्शाती है। मैं इस प्रभावी और जनहितैषी व्यवस्था के लिए पार्टी नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।







