नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू, फोटोयुक्त मतदाता सूची का होगा वार्षिक पुनरीक्षण


कटनी, यशभारत । मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। आयोग ने फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम को मंजूरी प्रदान कर दी है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का पुनरीक्षण 1 जनवरी 2026 को संदर्भ तिथि मानकर किया जाएगा। इससे संकेत मिल रहे हैं कि आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव वर्ष 2022 के पूर्व परिसीमन के आधार पर ही कराए जाएंगे और फिलहाल नया परिसीमन प्रस्तावित नहीं है।
15 मई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
आयोग के अनुसार रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति तथा जिला स्तरीय प्रशिक्षण का कार्य 27 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 15 मई को निर्धारित स्थानों पर किया जाएगा। प्रारूप सूची पर आम नागरिकों से 25 मई तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका निराकरण 30 मई तक किया जाएगा। अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रकाशन 18 जून 2026 को किया जाएगा।
मतदाता सूची अपडेट करने पर जोर
पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे तथा नाम, पता एवं फोटो संबंधी त्रुटियों में सुधार किया जाएगा। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
परिसीमन क्यों महत्वपूर्ण
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव प्रत्येक पांच वर्ष में कराना अनिवार्य होता है। परिसीमन के माध्यम से वार्डों की सीमा, संख्या एवं जनसंख्या संतुलन सुनिश्चित किया जाता है, जिससे लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व संतुलित बना रहे।
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।







