नए सेंट्रल स्कूल में पहले ही दिन फार्म के लिए टूट पड़े लोग, मारामारी के बीच खत्म हो गए फार्म, टोकन लेकर लौटे लोग, पहले दिन करीब 370 फार्म वितरित

कटनी, यशभारत। पुराने गर्ल्स कॉलेज में खुले सेंट्रल स्कूल झिंझरी में आज से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन फार्म प्राप्त करने अभिभावकों को कड़ी मशक्कत करना पड़ी। स्कूल में पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं में प्रवेश दिया जा रहा है। फार्म की प्रक्रिया ऑफलाइन होने की वजह से सुबह 9 बजे से भीड़ जमा हो गई। बड़ी संख्या में लोग ऐसे थे, जिन्हें कई घंटे कतार में लगने के बावजूद फार्म नहीं मिल पाया, उन्हें विद्यालय प्रबंधन ने टोकन देकर कल आने को कहा है।
नगर निगम के बाजू से स्थित पुराने गर्ल्स कॉलेज भवन की मरम्मत के बाद इसमें सेंट्रल स्कूल खोला गया है। स्कूल खुलने की अधिकृत घोषणा 20 जून को हुई और इसके बाद आज 25 जून से एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शहर के बीच खुल रहे सेंट्रल स्कूल में अपने बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावक सुबह से टूट पड़े। स्कूल प्रबंधन की ओर से भीड़ के मद्देनजर फार्म वितरण के लिए समुचित प्रबंध न किए जाने के कारण मारामारी मच गई। अभिभावकों का आरोप है कि खुद पुलिस कर्मी कतारों के बीच से घुसकर फार्म लेकर चले गए। अभिभावकों ने यह भी कहा कि लोगों में सेंट्रल स्कूल में अपने बच्चे के दाखिले का क्रेज है, ऐसे में स्कूल प्रबंधन को फॉर्म के वितरण की व्यवस्था या तो ऑनलाइन करनी थी या फिर अधिक काउंटर लगाए जाने थे, ताकि लोग परेशान न हो। बहुत लोगों को पहले दिन फॉर्म नहीं मिल सके, उन्हें टोकन देकर कल बुलाया गया है। उधर बड़ी संख्या में अभिभावकों के वाहन सड़क पर पार्क होने की वजह से इस मुख्य मार्ग में यातायात बाधित हुआ। पुलिस कर्मी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
पहले दिन इतने फॉर्म वितरित
सेंट्रल स्कूल के प्राचार्य पंकज जैन ने बताया कि पहले दिन क्लास वन के लिए 115, क्लास टू के लिए 80, क्लास थर्ड के लिए 60, क्लास फोर्थ के लिए 50 और क्लास फिफ्थ के लिए 60 फॉर्म का वितरण किया गया हैं। उन्होंने बताया कि पहली से पांचवीं तक हर क्लास में 40 बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।
ये होंगे एडमिशन के पात्र
प्रिंसिपल पंकज जैन के मुताबिक नए सेंट्रल स्कूल में भी केंद्रीय विद्यालय संगठन की गाइडलाइन के अनुसार ही प्रवेश की पात्रता होगी। इसके लिए पांच श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिनके मुताबिक पहले सेंट्रल गवर्नमेंट ( रेलवे, पोस्ट ऑफिस, आर्मी ) में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को प्रवेश मिलेगा। द्वितीय श्रेणी में इनकी ऑटोनॉमस बॉडी जैसे बैंक, एलआईसी में कार्यरत लोगों के बच्चों को, तृतीय श्रेणी में स्टेट गवर्नमेंट एम्पलाई के बच्चों को, चतुर्थ श्रेणी में इनके अंतर्गत आने वाले निगम आदि में कार्यरत कर्मचारी के बच्चों तथा पांचवीं श्रेणी में सामान्य नौकरी पेशे से संबंधित व्यक्ति के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।








