देश के किसी राज्य में सांदीपनी जैसे विद्यालय नहीं, बड़वारा में बोले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव- कांग्रेस के जमाने में पेड़ के नीचे लगती थी क्लास। माता जालपा का जयकारा भी लगवाया सीएम ने…


कटनी, यशभारत। प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव ने बड़वारा के सांदीपनी विद्यालय का लोकार्पण करते हुए कहा कि देश के किसी राज्य में इतने अच्छे स्कूल नहीं हैं। सांदीपनी विद्यालय की भव्यता देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यह बड़वारा नहीं, बल्कि जबलपुर, मुंबई या दिल्ली है। व्यवस्थित परिसर, आधुनिक क्लास रूम और सारी सुविधाओं से सुसज्जित भवन में बच्चे ज्ञानार्जन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संदीपनी विद्यालय की सुविधाएं देखकर प्राइवेट स्कूल के संचालक घबरा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में जर्जर शाला भवनों में बच्चे पढ़ते थे। पेड़ के नीचे कक्षाएं लगती थी। टाटपट्टी तक की व्यवस्था नहीं होती थी, घर से खाली बोरियां लाकर बच्चे बैठते थे, लेकिन अब ये विकास का युग है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है। हर क्षेत्र में काम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जीवन का एक एक पल भारत वासियों की सेवा में समर्पित कर रहे हैं। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चल रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हो रहा है। इसमें आम जनता की भागीदारी होना चाहिए।
जालपा मैया का जयकारा लगवाया सीएम ने
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने उद्बोधन की शुरुआत में कटनी की महारानी जालपा देवी का जयकारा लगवाया। उन्होंने कहा कि सांदीपनी आश्रम श्रीकृष्ण और सुदामा की निश्छल मित्रता का साक्षी है। बच्चे यहां से अच्छे संस्कार लेकर निकलेंगे और अपना भविष्य संवारेंगे। उन्होंने बड़वारा के विधायक धीरेन्द्र सिंह की सराहना की कि उन्होंने इस आदिवासी अंचल में एक निजी स्कूल में शिक्षक का दायित्व निभाते हुए विधायक तक का सफर तय किया। मुख्यमंत्री ने मंच से पढ़ाई में अव्वल छात्राओं को स्कूटी की चाबी भी वितरित की। डॉ मोहन यादव ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार पढ़ाई का सारा खर्च वहन करेगी। सायकल, लैपटॉप से लेकर स्कूटी तक सरकार की ओर से मुहैया कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दो तहसील भवन, प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय, लायब्रेरी का भी लोकार्पण किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, सांसद हिमाद्रि सिंह, कटनी के विधायक संदीप जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।







