मध्य प्रदेशराज्य

दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप : टेंडर विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक घायल

 यश भारत सतनाlसतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पेप्टेक सिटी कॉलोनी में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग का प्रयास किया गया। हालांकि गोली मिस हो गई, लेकिन आरोपी ने बंदूक की बट से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी रघुराज सिंह उर्फ रघु ने गौरव सिंह उर्फ गोलू का रास्ता कार से रोक लिया। इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर फायर किया, लेकिन गोली नहीं चली। फायर मिस होने के बाद आरोपी ने गुस्से में आकर पिस्टल की बट से गौरव के चेहरे और आंख पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।

घटना के बाद घायल गौरव किसी तरह मौके से निकलकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।

 टेंडर विवाद बना हमले की वजह

सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच सड़क निर्माण के टेंडर को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले जारी टेंडर गौरव सिंह के नाम स्वीकृत हुआ था, जबकि रघुराज सिंह भी इस प्रक्रिया में शामिल थे। टेंडर मिलने के बाद दोनों के रिश्तों में दरार आ गई थी।

बताया जा रहा है कि रघुराज ने काम में हिस्सेदारी की मांग की थी, जिसे लेकर विवाद लगातार बढ़ता गया और आखिरकार हिंसक रूप ले लिया।

 मीटिंग के बाद बढ़ा विवाद

रविवार को कॉलोनी के गुलाब पार्क में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें दोनों पक्ष मौजूद थे। बैठक के दौरान ही दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद रघुराज वहां से निकल गया।

बैठक खत्म होने के बाद जैसे ही गौरव अपनी कार से कॉलोनी से बाहर निकलने लगे, रास्ते में आरोपी ने उन्हें रोकने की कोशिश की। कार न रुकने पर उसने फायरिंग कर दी, जो मिस हो गई। इसके बाद गौरव ने गाड़ी रोककर बात करने की कोशिश की, तभी आरोपी ने हमला कर दिया।

 पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया है और कॉलोनी के गार्ड सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button