दामाद की तलाश, जंगलों की खाक छान रही पुलिस, जमीनी विवाद को लेकर हत्या के बाद से है लापता युवक, फालोअप : एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खमरियाहार में जमीनी विवाद को लेकर हत्या के मामले में घटना के बाद से लापता मृतक के दामाद सुनील कोल का अब तक कोई सुराग पुलिस को हाथ नहीं लगा है। हत्या की वारदात के एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस को अब तक कुछ पता नहीं चला है। दामाद की तलाश में डॉग स्कवाड और पुलिस की टीम जंगलों की खाक छान रही है लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 27 जुलाई की रात उचेहरा निवासी 50 वर्षीय प्रहलाद कोल की जमीनी विवाद के चलते हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक की पत्नी सुखबरा बाई की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। इनमें से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही मृतक का दामाद सुनील कोल भी लापता है। उसका मोबाइल बंद है और परिजनों को भी उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के बाद वह स्वयं कहीं चला गया या उसके लापता होने के पीछे कोई अन्य कारण है। खमरिया हार का इलाका घने जंगलों से घिरा होने के कारण पुलिस ने डॉग स्कवाड की मदद ली। पुलिस टीम ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में घंटों सर्चिंग की लेकिन लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर रही है।
इनका कहना है
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। वहीं मृतक के दामाद सुनील कोल की भी लगातार तलाश की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।







