डायल-112 के पुलिसकर्मियों को मिले बॉडी वार्न कैमरे, पारदर्शिता एवं जवाबदेही होगी और अधिक मजबूत, तथ्यों को सामने लाने में निभाएंगे भूमिका

कटनी, यशभारत। पुलिस एवं आमजन के बीच पारदर्शिता, जवाबदेही तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में कटनी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडी वार्न कैमरे उपलब्ध कराए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस कार्रवाई को अधिक पारदर्शीए निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बनाना है। बॉडी वार्न कैमरे ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच होने वाली बातचीतए घटनास्थल पर की गई कार्रवाई तथा अन्य गतिविधियां रिकॉर्ड होंगी। यह कैमरे एक प्रकार से मोबाइल सीसीटीवी की तरह कार्य करेंगे, जिनमें उच्च गुणवत्ता की वीडियो एवं ऑडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा उपलब्ध है। कैमरों में मेमोरी कार्ड के माध्यम से रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगीए जिससे आवश्यकता पडऩे पर साक्ष्य के रूप में उसका उपयोग किया जा सकेगा। अक्सर पुलिस कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों एवं आमजनों के बीच कहासुनी अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है तथा कई मामलों में पुलिस पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में यह बॉडी वार्न कैमरे निष्पक्ष तथ्यों को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यदि किसी पक्ष द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है अथवा किसी प्रकार की शिकायत सामने आती हैए तो कैमरे में रिकॉर्ड हुई सामग्री के आधार पर वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष परीक्षण किया जा सकेगा इस व्यवस्था से पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगीए जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। साथ ही पुलिसकर्मियों को भी अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान सुरक्षा एवं तथ्यात्मक साक्ष्य का महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।







