खूनी सनक : पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाला आरोपी पति छिंदवाड़ा से गिरफ्तार , हथियार भी बरामद

गोटेगांव – नरसिंहपुर| जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर फरार हुए आरोपी को नरसिंहपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। प्रार्थिया मीना ठाकुर पति प्रदीप ठाकुर, 40 वर्ष, निवासी बजरंग वार्ड ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति प्रदीप ठाकुर ने जान से मारने की नियत से उसके चेहरे, सिर एवं पैर पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई हैं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 109(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं SDOP मनोज गुप्ता के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी छिंदवाड़ा ब्रिज क्षेत्र में भागने की फिराक में है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर वैद्य बाबू के बगीचा के पास से आरोपी प्रदीप उर्फ राधे ठाकुर, 42 वर्ष, निवासी बजरंग वार्ड को गिरफ्तार कर लिया।
कुल्हाड़ी और कपड़े जप्त
पूछताछ में आरोपी ने घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी को पोटली में छिपाकर रखना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम पर कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने कपड़े जप्त किए गए हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चाटे थाना प्रभारी गाडरवारा अशोक चौहान उनि आशीष बोपचे, उनि मुस्ताक खान सहित पुलिस टीम और नगर रक्षा सदस्य शुभम मालवीय की मुख्य भूमिका रही।







