नर्मदा की प्रचंड धार से थमा मार्ग: नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के ऊपर बह रहा पानी, कलेक्टर ने किया निरीक्षण… देखें पूरा वीडियो

यशभारत डिंडोरी | जिले में रात्रि के समय हुई तेज बारिश के कारण मां नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने से डिंडौरी स्थित मां नर्मदा पुल एवं जोगीटकरिया पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने रविवार को मां नर्मदा पुल पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से नदी के जलस्तर एवं पुल की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर भदौरिया ने अधिकारियों को नदी के जलस्तर एवं पुल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यक सुरक्षा एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मां नर्मदा नदी के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए पुल एवं नदी के आसपास के क्षेत्रों में जाने का प्रयास न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, पुल एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। पुल के ऊपर पानी बहने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जा रहे हैं। नागरिक प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।
निरीक्षण के दौरान डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







