…तो कलेक्ट्रेट में खड़ा कर देंगे दो हजार वाहन, समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर ट्रांसपोर्टरों ने दी चेतावनी

कटनी, यशभारत। खनिज विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई से ट्रांसपोर्टरों में असंतोष देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि नियमों का पालन करने के बाद भी कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग की टीपी प्रणाली को लेकर ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश व्याप्त है। मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे जाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने से एसोसिएशन ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। तीन दर्जन ट्रांसपोर्टरों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिकायतों के निराकरण की मांग की थी। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यदि 24 घंटे में उनकी मांगों पर निराकरण नहीं किया गया तो वे अपने सभी वाहन कलेक्टर कार्यालय में खड़ा कर देंगे। विदित हो कि एसोसिएशन ने विगत 10 अगस्त को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की थी। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि खनिज विभाग की टीपी व्यवस्था और परिवहन के दौरान आने वाली विभिन्न परेशानियों के कारण उनका कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। डीजल, वाहन मेंटेनेंस, टैक्स और अन्य खर्चों के बीच पहले ही कारोबार करना मुश्किल है। इसके अलावा रास्ते में पुलिस, यातायात और परिवहन विभाग की कार्रवाई तथा कथित अवैध वसूली के दबाव से लागत और बढ़ रही है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि खनिज विभाग द्वारा जारी की जाने वाली टीपी और परिवहन व्यवस्था के चलते उनका काम लगातार मुश्किल होता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान सभी ने एकजुटता दिखाते हुए जिला प्रशासन के खिलाफ कथित अवैध वसूली के विरोध में नारेबाजी भी की। ट्रांसपोर्टरों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाए और परिवहन व्यवस्था को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय मिश्रा पंकज ने बताया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर अपने वाहनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे और करीब 2 हजार वाहनों को कार्यालय के बाहर खड़ा कर प्रदर्शन किया जाएगा।







