ताले में बंद रहा अस्पताल, साड़ी की ओट में जन्मी जिंदगी: स्वास्थ्य व्यवस्था का शर्मनाक चेहरा… देखें पूरा वीडियो

दमोह। दमोह में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं स्वयं बीमार है। बटियागढ ब्लाक के अंतर्गत अजब धाम फतेहपुर में उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला डला होने पर छह बजे एक महिला की डिलीवरी अस्पताल के बाहर हो गई।
स्थानीय महिलाओं के द्वारा चारों ओर साड़ी का पर्दा लगाकर महिला की डिलीवरी कराई गई इसके बाद दोनों को निजी वाहन की सहायता से हटा सिविल अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल में ताला लगा रहता है। जबकि अस्पताल खुलनी चाहिए। वही सीएमएचओ के अनुसार वहां स्टाफ नहीं है इसलिए ताला डाला है। जल्द ही वहां पर स्टाफ की पद स्थापना की जाएगी।
जानकारी के अनुसार मंजो भील पति मादेश भील 25 निवासी फुरताल सादपुर को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन शाम छह बजे अजब धाम फतेहपुर में उप स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। यहां अस्पताल के गेट पर ताला लगा था। कुछ देर इंतजार के बाद भी कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं पहुंचा तभी महिला को दर्द बड़ा तो स्थानीय महिलाओं ने साड़ी का पर्दा बनाकर अस्पताल के बाहर ही प्रसव कराया। महिला का प्रसव तो हो गया, लेकिन नवजात बच्ची न तो रो रही थी और न ही कनारी गिरी। जिससे परिजन जच्चा और बच्चा को निजी वाहन से हटा अस्पताल लेकर पहुंचे।जहां डॉक्टर के द्वारा दोनों का इलाज किया जा रहा है।
बताया गया है 31 जुलाई को यहां पदस्थ एएनएम कमला अहिरवार सेवानिवृत्त हो गई हैं।इसलिए यहां पर न तो कोई डॉक्टर है न ही एएनएम है।
सीएमएचओ डॉक्टर राकेश राय ने बताया की उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सीएचओ का ट्रांसफर हो गया है और एएनएम रिटायर्ड हो गई है। अब वहां पर कोई भी स्टाफ नहीं है। इसलिए उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला डाला रहता है। कर्मचारियों की पद स्थापना के लिए डिमांड भेजी गई है। जल्द ही वहां पर कर्मचारियों की पदस्थापना की जाएगी।







