मध्य प्रदेशराज्य

तालाब में फिर बुझा घर का चिराग : 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत… क्षेत्र में हड़कंप 

सतना, यश भारत। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित बदखर तालाब एक बार फिर हादसे का गवाह बन गया। सोमवार शाम तालाब में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। लगभग चार घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद एसडीआरएफ टीम ने देर रात उसका शव बरामद किया। दो दिनों के भीतर तालाब में डूबने से हुई यह दूसरी मौत है, जिससे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

 

मृतक की पहचान बदखर निवासी प्रिंस रजक (15 वर्ष) पुत्र संतोष रजक के रूप में हुई है। बताया गया है कि प्रिंस सोमवार शाम अपने दोस्तों के साथ बदखर तालाब में नहाने गया था। शाम करीब सात बजे उसके साथी तालाब से बाहर आ गए, लेकिन प्रिंस नजर नहीं आया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर साथियों ने परिजनों को सूचना दी।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में तालाब पहुंच गए। सूचना पर कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी, बाबूपुर चौकी प्रभारी शुभम सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मोटरबोट और विशेष उपकरणों की मदद से तालाब में सघन खोजबीन शुरू की। करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद रात 11:20 बजे प्रिंस का शव तालाब की गहराई से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो दिन में दूसरी मौत से बढ़ी चिंता

गौरतलब है कि बदखर तालाब में यह दो दिनों के भीतर डूबने की दूसरी घटना है। इससे पहले शनिवार को 14 वर्षीय परमानंद बसोर की भी तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। उस समय भी एसडीआरएफ टीम ने देर रात करीब दो बजे उसका शव बाहर निकाला था।

 

लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तालाब क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा गहरे पानी वाले हिस्सों को चिन्हित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button