जबलपुरमध्य प्रदेश

सीमांकन के नाम पर रिश्वतखोरी: शहपुरा के आरआई को 80 हजार रुपये लेते लोकायुक्त ने दबोचा

रतन कॉलोनी कटंगा में हुई कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। जमीन के सीमांकन के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाले शहपुरा के राजस्व निरीक्षक (आरआई) को लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आरआई करण सिंह लोधी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी रोहित कुमार जैन ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने कुछ व्यापारी मित्रों के साथ मिलकर ग्राम कलोन, तहसील शहपुरा में एक भूमि खरीदी है। भूमि के सीमांकन की प्रक्रिया कराने के लिए संबंधित राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी द्वारा उनसे एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। फरियादी ने रिश्वत देने के बजाय मामले की शिकायत लोकायुक्त से की।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत मंगलवार सुबह फरियादी को रिश्वत की राशि लेकर भेजा गया। जैसे ही आरोपी आरआई ने 80 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौके पर तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। लोकायुक्त अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी गई है।

सूत्रों के अनुसार जमीन के सीमांकन को लेकर लंबे समय से फरियादी पर रिश्वत देने का दबाव बनाया जा रहा था। परेशान होकर फरियादी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो सकी। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button