कटनी

नहीं रूक रहे सायबर ठगी के मामले, यूपीआई से बैंक खाते में लगाई सेंध, पार किए 2 लाख 26 हजार 998.83 रुपये, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी

कटनी, यशभारत। सायबर जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे अभियानों का कोई असर होता नहीं दिख रहा है। कम समय में अधिक कमाई के लालच और जानकारी के अभाव में लोग सायबर क्राइम का शिकार हो रहे हैं। साइबर अपराधी मासूम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आया है, जहां एक शातिर ठग ने यूपीआई के माध्यम से एक व्यक्ति के बैंक खाते में सेंध लगाकर 2 लाख 26 हजार 998.83 रुपये पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि दुर्गा मंदिर के पास मनीष किराना स्टोर्स आधारकाप निवासी 31 वर्षीय मोनू गुप्ता पिता विश्वनाथ गुप्ता के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदात हुई। अज्ञात साइबर ठग ने बड़ी ही चालाकी से उनके बैंक खाते से जुड़े यूपीआई माध्यम का उपयोग किया और किस्तों में 2 लाख 26 हजार 998 रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली। खाते से पैसे कटने का मैसेज मोबाइल पर आने के बाद पीडि़त के होश उड़ गए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने पीडि़त मोनू गुप्ता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की नई धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की गंभीरता और बड़ी रकम की ठगी को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल को ट्रांजैक्शन डिटेल सौंप दी है। पुलिस उस बैंक खाते और मोबाइल नंबर की कुंडली खंगाल रही हैए जिसमें यूपीआई के जरिए यह राशि ट्रांसफर की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button