कटनी से खदेड़ा तो सतना में की चोरियां, दिन में रुद्राक्ष की माला बेचकर रात में वारदात को अंजाम देते थे आरोपी, चंदन के पेड़ चुराने वाले पारधी गिरोह के आधा दर्जन सदस्य नागौद में गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। रुद्राक्ष की माला बेचने के बहाने बस्तियों और गांवों में रेकी कर रात के अंधेरे में कीमती चंदन के पेड काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले पारधी गिरोह का सतना जिले की नागौद थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खास बात यह है कि पारधी गिरोह के सदस्य कटनी जिले के रहने वाले हैं और कटनी से खदेड़े जाने के बाद दूसरे जिले में वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद कटनी में डेरा जमा लेते थे। बताया जाता है कि सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कचलोहा में विगत 24-25 मई और 29-30 मई की दरमियानी रात चंदन के पेड़ काटकर चोरी किए जाने की वारदात सामने आई थी। नागौद पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही थी। पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और खैरा गांव के बाहर एक डेरे की घेराबंदी कर 5 आरोपियों और एक अपचारी बालक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चंदन चोरी की वारदात कुबूल की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चंदन की लकड़ी के 24 टुकड़े अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपए वारदात में इस्तेमाल की गई आरी ब्लेड और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान नागौद पुलिस ने ईजुब पारधी 20 वर्ष निवासी पटेहरा, थाना कुठला, मकौआ पारधी 19 वर्ष निवासी पटेहरा थाना कुठला, अक्सेना उर्फ पटेहरा थाना कुठला, चमरा उर्फ राजू पारधी 23 वर्ष निवासी पटेहरा थाना कुठला, डई पारधी 30 वर्ष निवासी देवरी थाना बीजा डांडी एवं एक अपचारी नाबालिग बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाना कबूल कर लिया।







