तारीख पर तारीख से टूटा सब्र: फाइल पर नहीं हुए दस्तखत, तो वकील ने उतार दिए कपड़े

रीवा । प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी से परेशान एक अधिवक्ता ने रीवा के SDM कार्यालय में अनोखे तरीके से विरोध जताया। अधिवक्ता संतोष कुमार पांडे ने आरोप लगाया कि स्थगन से जुड़ी फाइल की सभी राजस्व प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन केवल एक हस्ताक्षर के लिए उन्हें लगातार तारीखें दी जा रही हैं। नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्यालय में अपने कपड़े उतारकर विरोध दर्ज कराया।
महीनों से फाइल लेकर भटकने का दावा
अधिवक्ता संतोष कुमार पांडे के मुताबिक, स्थगन से संबंधित मामले में जरूरी राजस्व प्रक्रियाएं पूरी कराने में कई महीने लग गए। उनका कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फाइल अब आदेश के स्तर पर पहुंच चुकी है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होने से मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
तीन महीने से मिल रही तारीख
अधिवक्ता का आरोप है कि फाइल पर केवल एक हस्ताक्षर होना बाकी है, लेकिन इसके लिए उन्हें करीब तीन महीने से अलग-अलग तारीखें दी जा रही हैं। उनका कहना है कि हर बार तारीख मिलने के बावजूद काम पूरा नहीं हो रहा, जिससे उन्हें लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
नागपुर से बुलाना पड़ता है क्लाइंट
अधिवक्ता ने बताया कि मामले में उनके क्लाइंट को भी नागपुर से रीवा बुलाना पड़ता है। बार-बार रीवा आने में क्लाइंट को समय और पैसे दोनों खर्च करने पड़ते हैं। अधिवक्ता का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी फाइल आगे नहीं बढ़ने से परेशानी लगातार बनी हुई है।
लगातार हो रही देरी से नाराज अधिवक्ता ने SDM कार्यालय में कपड़े उतारकर अपना विरोध जताया। उनका कहना है कि जब मामले से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, तो केवल एक हस्ताक्षर के लिए इतना लंबा इंतजार क्यों कराया जा रहा है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने यह विरोध का तरीका अपनाया।






