ड्यूटी पर तैनात नर्स को सफाईकर्मी ने जड़ा थप्पड़, घटना के बाद आक्रोशित नसों ने खोला मोर्चा, हड़ताल कर कार्रवाई की मांग

पवई, यशभारत। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में ड्यूटी के दौरान नर्सिंग ऑफिसर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद शनिवार को अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर बैठ गया। नर्सिंग स्टाफ ने विकासखंड चिकित्सा अधिकारी बीएमओ को ज्ञापन सौंपकर संबंधित सफाई कर्मी को तत्काल हटाने और उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर सुमन प्रजापति ने एक महिला का प्रसव कराया था। प्रसव के बाद उन्होंने प्रसव कक्ष की सफाई कराने के लिए ड्यूटी पर मौजूद सफाई कर्मी मनोज बाल्मीकि को बुलाने गई। आरोप है कि सफाईकर्मी उस समय सो रहा था। पहले दूर से आवाज लगाने के बावजूद जब वह नहीं उठा तो नर्सिंग ऑफिसर उसके पास जाकर उसे जगाने लगीं। इसी दौरान सफाईकर्मी ने कथित रूप से नर्सिंग ऑफिसर को थप्पड़ मार दिया। घटना से आक्रोशित अस्पताल की नर्सें शनिवार सुबह एकजुट होकर हड़ताल पर बैठ गईं। नर्सिंग स्टाफ ने बीएमओ को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि संबंधित सफाईकर्मी अक्सर शराब के नशे में ड्यूटी करता है, जिससे अस्पताल का कार्य प्रभावित होता है और कर्मचारियों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है। उन्होंने ऐसे कर्मचारी को तत्काल हटाने तथा उसके विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। चेतावनी दी गई है कि यदि दोषी के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







