मध्य प्रदेशराज्य

खेत के मकान में शिक्षक दंपति के जले शव मिलने से सनसनी : हत्या या आत्महत्या? पुलिस हर पहलू से कर रही जांच, डीएनए से होगी पहचान

 

सिवनी यश भारत:-सिवनी। जिले के उगली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहबर्रा गांव में खेत पर बने एक सुनसान मकान में शिक्षक दंपति के जले हुए शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही उगली थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर शव शिक्षक समन धुर्वे (52) और उनकी पत्नी शिक्षिका मालती धुर्वे (50) के बताए जा रहे हैं, लेकिन शव पूरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान डीएनए परीक्षण के माध्यम से कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार शिक्षिका मालती धुर्वे लगातार दो दिनों तक विद्यालय नहीं पहुंचीं और उनकी ओर से कोई सूचना भी नहीं दी गई। इस पर विद्यालय प्रबंधन ने उनकी बहन कृष्णा बाई से संपर्क किया। बहन जब खेत पर बने मकान पहुंचीं तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में दोनों के जले हुए शव पड़े थे। उन्होंने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम बुलाई गई, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान कमरे के फर्श पर घसीटने के निशान, विभिन्न स्थानों पर खून के धब्बे तथा एक पर्स के पास रक्त के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया संघर्ष होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से दो मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व केवलारी थाना क्षेत्र में समन धुर्वे ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर हंसिया से हमला किया था, जिसमें मालती धुर्वे गंभीर रूप से घायल हुई थीं। इसी पुराने विवाद को भी जांच का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि घरेलू विवाद के दौरान पति ने पहले पत्नी की हत्या की और बाद में स्वयं को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पोस्टमार्टम, डीएनए जांच, एफएसएल रिपोर्ट और मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि घटना एक से दो दिन पुरानी प्रतीत होती है। फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से गहन जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button