
मंत्रालय ने बताया कि जहाज़ पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है.विदेश मंत्रालय के अनुसार, “ओमान में स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नज़र बनाए हुए है और ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है.”मंत्रालय ने इस अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार और वहां के अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया.विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं. भारत ने एक बार फिर क्षेत्र में तत्काल तनाव कम करने और जारी वार्ताओं को कूटनीतिक समाधान तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि शांति और स्थिरता बहाल हो सके.अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, साइप्रस के झंडे वाला कंटेनर जहाज़ जीएफ़एस गैलेक्सी पर होर्मुज़ जलडमरूमध्य में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने हमला किया. सेंटकॉम ने बताया कि जहाज़ का एक असैनिक चालक दल का सदस्य लापता है. जहाज़ में आग लगने और इंजन कक्ष को भारी नुक़सान पहुंचने के कारण वह अपनी आगे की यात्रा जारी नहीं रख सका.







