50 करोड़ रुपए के एमडी ड्रग्स मामले में दो और गिरफ्तार
आरोपियों की संख्या बढ़कर छह, ड्रग्स नेटवर्क की जांच तेज

मुंबई, यशभारत। अमली पदार्थ विरोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) की कांदिवली यूनिट ने 50.74 करोड़ रुपये के एमडी ड्रग्स मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। पुलिस पूरे ड्रग्स नेटवर्क और इसके मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले करीब 14 किलोग्राम एमडी ड्रग्स और लिक्विड एमडी बरामद किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 करोड़ 8 लाख 68 हजार 310 रुपये आंकी गई है। इस संबंध में आग्रीपाड़ा पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
गोपनीय सूचना के आधार पर एएनसी की टीम ने 10 जुलाई को वाडीबंदर क्षेत्र में जाल बिछाकर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 210 किलोग्राम 2-ब्रोमो-4-मेथिलप्रोपियोफेनोन नामक नियंत्रित रसायन बरामद किया गया, जिसका उपयोग एमडी ड्रग्स बनाने में किया जाता है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को 11 जुलाई की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मुंबई के पायधुनी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के ड्रग्स निर्माण और आपूर्ति श्रृंखला से सीधे संबंध होने की आशंका है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।






