डब्ल्यूआईआई रिपोर्ट :कान्हा नेशनल पार्क में सबसे ज्यादा शाकाहारी जानवर, देश के सभी टाइगर रिजर्व में अव्वल

मण्डला lमध्यप्रदेश के कान्हा नेशनल पार्क में देश के सभी टाइगर रिजर्व की तुलना में सबसे अधिक शाकाहारी वन्यप्राणी पाए गए हैं। यह जानकारी भारतीय वन्य जीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), देहरादून की हालिया आकलन रिपोर्ट में सामने आई है। कान्हा के डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने बताया कि पार्क में जैव विविधता भी अच्छी स्थिति में है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के निर्देशानुसार फेज-4 के तहत वन्यप्राणियों की गणना की गई।
इस गणना में एम-स्ट्राइप्स इकोलॉजिकल एप और कैमरा ट्रैप का उपयोग किया गया। 26 से 31 मई 2025 के दौरान की गई गणना में पहले तीन दिन मांसाहारी जीवों की गिनती हुई। अगले तीन दिनों में चीतल, सांभर, बारासिंहा और नीलगाय जैसे शाकाहारी जीवों की गणना की गई। पार्क की 180 बीट्स में 245 ट्रांजेक्ट लाइन और 1290 ग्रिड बनाए गए। गार्ड्स ने एम-स्ट्राइप्स एप और कैमरा ट्रैप्स की सहायता से आंकड़े एकत्र किए। ये आंकड़े विश्लेषण के लिए डब्ल्यूआईआई भेजे गए हैं, और गणना के परिणामों से वन्यप्राणियों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है। 2000 वर्ग किलोमीटर से भी अधिक क्षेत्र में फैले कान्हा टाइगर रिजर्व में बारासिंघा, गौर, चीतल, बार्किंग डीयर, लंगूर, सांभर और जंगली सुअर प्रमुख रूप से पाए जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शाकाहारी वन्यप्राणियों की अधिक संख्या के कारण यहां बाघों की आबादी भी मजबूत है।







