डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता : दो और आरोपी गिरफ्तार; 16 लाख की संपत्ति बरामद

दमोह। सूखी पिपरिया गांव में 4 जुलाई को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में दमोह पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को कटनी मुड़वारा से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि बरामद की है। अब तक इस मामले में कुल ₹16.70 लाख की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में रानू पटेल निवासी बेर किसुनगंज (दमोह देहात) और दीपक उर्फ दीपू बंसल निवासी वार्ड क्रमांक-1, पथरिया शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर दो सोने की चेन, एक सोने की करधनी और ₹20 हजार नकद बरामद किए गए। नई बरामदगी की कीमत करीब ₹8.20 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले दो अन्य आरोपियों शंकर यादव और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार कर करीब ₹8.50 लाख के आभूषण, मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त किया गया था। इस प्रकार अब तक कुल ₹16.70 लाख की संपत्ति बरामद हो चुकी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। रानू पटेल के खिलाफ 8 तथा दीपक उर्फ दीपू बंसल के खिलाफ 14 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
जांच में रोहित अहिरवार और उसके साथी मोनू की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों की तलाश में भोपाल, रायसेन, छतरपुर, दिल्ली, रोहतक (हरियाणा), ओडिशा और विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) तक पुलिस टीमों ने अभियान चलाया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय , चौकी प्रभारी नरसिंहगढ उनि रोहित द्विवेदी , उनि रमाशंकर मिश्रा , सउनि अकरम खान , प्र.आर. सचिन , रूपेश , संजय पाठक , सूर्यकांत पाण्डेय , आरक्षक लोकेश पवार, ओमप्रकाश , सायबर सेल टीम दमोह एवं नरसिंहगढ पुलिस स्टाफ तथा पूर्व मे गठित विशेष टीम का सराहनीय योगदान रहा







