पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य युवक भी जानलेवा हमला

जबलपुर, यशभारत। बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम सालीवाड़ा में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। गांव के एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक पर भी जानलेवा हमला किया गया। दूसरा युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों के मुताबिक, नम्मी यादव रात में घर से टहलने निकला था। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल नमामि यादव खून से लथपथ सड़क पर पड़े रहे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सबसे पहले 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। इसके बाद घायल को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने एक अन्य युवक को भी निशाना बनाया, लेकिन वह किसी तरह मौके से भाग निकला और अपनी जान बचाने में सफल रहा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण है।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। गांव में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।







