ट्रैक्टर ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या : करीब डेढ़ लाख रुपए लूटकर हो गए फरार, क्षेत्र में हड़कंप

रीवाl जिले के कटरा घुमा क्षेत्र में रात्रि की दरम्यानी अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रैक्टर ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बीरबल शाक्य पिता लालपति शाक्य (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नयागांव बरहा, थाना पहारगढ़, जिला मुरैना के निवासी थे। घटना घुमा इलाके के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने की है, जहां वे भूमि समतलीकरण के कार्य में लगे थे।
मृतक के पुत्र अजीत कुमार शाक्य के अनुसार, वारदात के वक्त वे वहीं पास में सोए हुए थे। उन्होंने बताया, “जब मैंने गोली की आवाज सुनी, तो देखा कि पिता जमीन पर पड़े हैं। तभी तीन हमलावर मेरे पास आए और कट्टे के बट से मेरे सिर पर हमला कर दिया।”
उन्होंने आगे बताया कि हमलावर पिता की जेब में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये पैंट सहित लूटकर फरार हो गए। “हमारे शोर मचाने पर पास में सोए अन्य साथी जागे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे,” अजीत ने कहा।
गंभीर रूप से घायल बीरबल शाक्य पिता लालपति शाक्य को उनके बेटे ने खून से लथपथ हालत में उठाया। “मैंने उनके सिर को गोद में रखा, उन्होंने एक बार आवाज दी और फिर हमेशा के लिए शांत हो गए,” अजीत ने बताया।
घटना की सूचना डायल 100 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस करीब आधे घंटे में मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
रात होने के कारण शव को स्थानीय मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया और आज सुबह पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई।विवेक सिंह एसपी रीवा ने बताया है कि पुलिस जांच में जुटी है, बदमाशों की तलाश जारी है l







