देश

ट्रांसपोर्ट नगर में शुरू हुई भूखण्डों की नीलामी, 5 जून तक ली जाएंगी ऑनलाइन निविदाएं, महापौर ने कहा – शहर के विकास में सहयोगी बनें ट्रांसपोर्टर्स

कटनी, यशभारत। शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव, भारी वाहनों की आवाजाही तथा शहरी यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल प्रारंभ की गई है। नगर निगम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी क्षेत्र में स्थित रिक्त भूखण्डों की नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसके माध्यम से शहर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को एक व्यवस्थित, सुविधायुक्त एवं स्वतंत्र व्यावसायिक परिसर उपलब्ध कराया जाएगा। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहर के समस्त ट्रांसपोर्टर भाइयों एवं व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा है कि कटनी शहर के समुचित एवं सुनियोजित विकास के लिए ट्रांसपोर्ट नगर की शिफ्टिंग एक क्रांतिकारी कदम सिद्ध होगी। यह पहल केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे शहर के औद्योगिक विकास, व्यापारिक विस्तार एवं भविष्य की आधारभूत संरचना को भी नई दिशा प्राप्त होगी।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि वर्तमान में शहर के भीतर संचालित हो रहे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के कारण यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को एक पृथक एवं सुव्यवस्थित क्षेत्र में स्थानांतरित करना समय की आवश्यकता है। नगर निगम द्वारा इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ट्रांसपोर्ट नगर में भूखण्डों की नीलामी प्रारंभ की गई है ताकि ट्रांसपोर्ट व्यापारी अपने व्यवसाय को आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान कर सकें। उन्होंने बताया कि इस नीलामी में केवल ट्रांसपोर्ट व्यवसाय हेतु प्लॉट ही नहीं, बल्कि ट्रांसपोर्ट गतिविधियों से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं जैसे पेट्रोल पम्प, ढाबा, धर्मकांटा एवं अन्य उपयोगी व्यावसायिक दुकानों के लिए भी भूखण्ड शामिल किए गए हैं। इससे ट्रांसपोर्ट नगर भविष्य में एक पूर्ण विकसित व्यावसायिक एवं लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित हो सकेगा।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि अन्य महानगरों की तर्ज पर कटनी शहर का भी व्यवस्थित विस्तार होना आवश्यक है। ट्रांसपोर्ट नगर का विकास शहर को यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने के साथ-साथ एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित शहरी स्वरूप प्रदान करेगा। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा तथा नागरिकों को सुगम यातायात व्यवस्था का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने ट्रांसपोर्टर भाइयों से आग्रह किया कि वे इस नीलामी प्रक्रिया में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें और नगर के विकास में सहभागी बनें। यह पहल नगर निगम अकेले नहीं बल्कि शहरवासियों एवं ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के सहयोग से ही सफल हो सकेगी। निगम प्रशासन द्वारा नीलामी प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं सुगम बनाया गया है। इच्छुक बोलीकर्ताओं की सुविधा के लिए उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी द्वारा स्थल संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही प्रत्येक रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में उपस्थित रहकर संबंधितों को भूखण्डों की वास्तविक स्थिति एवं लोकेशन की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। नगर निगम द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में रिक्त भूखण्डों की नीलामी हेतु ऑनलाइन निविदाएं 05 जून 2026 तक आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक व्यवसायी विस्तृत जानकारी एवं निविदा संबंधी विवरण mptenders.gov.in वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।photo 2022 06 05 20 33 19

KA140429

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button