टेरिटरी के लिए भिड़े दो गिरगिट : पेंच टाइगर रिजर्व का वीडियो आया सामने…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के प्रसिद्ध पेंच टाइगर रिजर्व से वन्यजीवों की दुर्लभ गतिविधियों का एक और रोचक वीडियो सामने आया है। इस बार चर्चा का विषय बाघ या तेंदुआ नहीं, बल्कि दो गिरगिटों की आपसी लड़ाई बनी हुई है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, इस वीडियो में दो गिरगिट टेरिटरी यानी अपने क्षेत्र के अधिकार को लेकर एक-दूसरे से भिड़ते दिखाई दे रहे हैं। दोनों गिरगिट जंगल के बीच जमीन आक्रामक मुद्रा में एक-दूसरे को डराने का प्रयास करते व लड़ते नजर आ रहे हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार गिरगिट सामान्यतः शांत स्वभाव के जीव होते हैं, लेकिन प्रजनन काल या अपने क्षेत्र की सुरक्षा के दौरान वे काफी आक्रामक हो जाते हैं। नर गिरगिट अक्सर अपने इलाके पर कब्जा बनाए रखने के लिए दूसरे नर गिरगिटों से संघर्ष करते हैं। इस दौरान वे शरीर का रंग बदलकर अपनी ताकत और आक्रामकता प्रदर्शित करते हैं। माना जाता है कि रंग बदलना केवल छिपने के लिए नहीं, बल्कि संवाद और भावनाएं व्यक्त करने का भी माध्यम होता है।
गौरतलब है कि पेंच टाइगर रिजर्व अपनी जैव विविधता और समृद्ध वन्यजीवों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां बाघ, तेंदुआ, जंगली कुत्ता, भालू, सांभर, चीतल सहित अनेक दुर्लभ पक्षी और सरीसृप प्रजातियां पाई जाती हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक यहां सफारी के लिए पहुंचते हैं। जंगल में वन्यजीवों की प्राकृतिक गतिविधियां पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों को आकर्षित करती हैं।
वन विभाग के जानकार बताते हैं कि गिरगिट पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे कीट-पतंगों को खाकर प्राकृतिक नियंत्रण करते हैं, जिससे खेती और जंगल दोनों को लाभ मिलता है। हालांकि बदलते पर्यावरण और जंगलों में मानवीय हस्तक्षेप के कारण इनकी संख्या पर भी प्रभाव पड़ रहा है।
पेंच से सामने आया यह वीडियो वन्यजीवों की अनोखी दुनिया की एक झलक पेश करता है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भी इस वीडियो को लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है।







