टायर फटने से मारुति XL6 पलटी : चालक गंभीर घायल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडाल भाटा में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक मारुति XL6 कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारुति XL6 वाहन घंसौर से बरगी की ओर जा रहा था। इसी दौरान चंडाल भाटा के पास अचानक वाहन का टायर फट गया। टायर फटने से चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार सड़क पर असंतुलित होकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त गॉ गई और चालक को गंभीर चोटें आईं।
घटना में घायल चालक की पहचान दीपेश तिवारी (22 वर्ष), निवासी बरगांव के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में टायर फटना ही हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और वाहन की तकनीकी खामियों के चलते दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और नियमित रूप से अपने वाहनों की जांच कराने की आवश्यकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल के स्वास्थ्य में सुधार की कामना की जा रही है।घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण झारिया का कहना है कि सूचना मिली थी कि कार पलटने से एक युवक घायल हुआ है फिलहाल जांच की जा रही है।







