मध्य प्रदेशराज्य

जहर खाने वाले मरीज को चढ़ाई मिनरल वाटर की ड्रिप! जिला अस्पताल के CMHO ने मानी चूक… देखें पूरा वीडियो 

यशभारत डिंडोरी| डिंडोरी जिला अस्पताल में जहर खाने वाले नाबालिग को मिनरल वाटर की बोतल से ड्रिप चढ़ाने का वीडियो वायरल हुआ है. मामले में CMHO डॉ मनोज पांडे ने प्रक्रिया में चूक की बात स्वीकार की है. अधिकारियों ने जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल डिंडोरी जिले के सरकारी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. दरअसल जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ज़हर खाने वाले एक नाबालिग मरीज के पेट में गैस्ट्रिक ट्यूब के ज़रिए सामान्य मिनरल वाटर की बोतल से ड्रिप चढ़ाते देखा जा रहा है. मामला तूल पकड़ने के बाद अब जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा जांच की बात कहे जाने के बाद अब जिले की कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

 

मामला डिंडोरी के सिविल लाइन निवासी नाबालिग युवक सत्यम का है. उसने अज्ञात कारणों के चलते चूहा मारने वाली जहरीली दवा खा ली थी. परिजनों ने उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया था। स्थिति में सुधार होने पर उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन इलाज की इस अजीबोगरीब और खतरनाक तकनीक का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया है।

CMHO और कलेक्टर सख्त, बोले- ‘दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई’

मामला उजागर होने के बाद प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई है. डिंडोरी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज पांडे ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि मरीज का पेट साफ करने के लिए नॉर्मल पानी का इस्तेमाल किया गया था, जो कि मेडिकल नियमों के अनुसार नहीं किया जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. वहीं, डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए साफ किया है कि यदि मेडिकल नॉर्म्स के मुताबिक इलाज नहीं किया गया है, तो जांच के बाद निश्चित रूप से जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button