जर्जर महानदी पुल में आग का गोला, तेल और फार्च्यून सामग्री लोड पिकअप में भड़की आग
बरही-मैहर मार्ग स्थित छोटी महानदी पुल की घटना

कटनी, यशभारत। सतना से बरही के लिए आ रहा तेल और फार्च्यून सामग्री लोड पिकअप वाहन में अचानक भड़की आग से देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। यह घटना बुधवार की शाम करीब 4 बजे की बताई गई है। यह वही महानदी पुल है, जो पिछले 4 साल से मरम्मत का इंतजार कर रहा है, जहां से भारी वाहनों की आवाजाही में कटनी जिला प्रशासन के रिकार्ड में पूर्णतः प्रतिबंध लगा हुआ है, सिर्फ छोटे वाहन एम्बुलेंस, कार, बाइक से आवागमन की छूट दी गई है। इसी पुल से यह वाहन जब सतना से तेल और किराना सामग्री लोड कर बरही आ रहा था, तभी पुल के बीचों-बीच जहां पुल जर्जर है उसी स्थल पर आग भड़की और पूरे वाहन को आगोश में ले लिया। वाहन चालक और परिचालक अपनी जान बचाकर वहां से भागे। घटना से हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना का लाइव वीडियो बनाया। दमकल को सूचित किया गया। वाहन सहित पूरी सामग्री पूरी तरह से खाक हो गई। इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।








