जयाप्रदा के लुक में प्रवीण आंटी, भुजरिया रैली में रहीं आकर्षण का केंद्र बुधवारा से गुफा मंदिर तक निकली किन्नर समाज की भव्य रैली, पारंपरिक गीत संगीत के साथ मनाया पर्व

जयाप्रदा के लुक में प्रवीण आंटी, भुजरिया रैली में रहीं आकर्षण का केंद्र
बुधवारा से गुफा मंदिर तक निकली किन्नर समाज की भव्य रैली, पारंपरिक गीत संगीत के साथ मनाया पर्व
भोपाल, यश भारत। भुजरिया पर्व के अवसर पर रविवार को राजधानी भोपाल में किन्नर समाज की ओर से भव्य भुजरिया रैली निकाली गई। बुधवारा क्षेत्र से शुरू हुई रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए गुफा मंदिर पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में किन्नर समाज के सदस्य पारंपरिक वेशभूषा और श्रृंगार के साथ शामिल हुए। हाथों में भुजरिया लेकर समाज के सदस्यों ने उत्साह के साथ पर्व की खुशियां मनाईं। रैली के दौरान प्रवीण आंटी का जयाप्रदा के लुक में नजर आना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। खास अंदाज में तैयार होकर वे रैली में शामिल हुईं और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनके साथ मौजूद समाज के अन्य सदस्यों ने भी पारंपरिक परिधान और आभूषणों से अपनी सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया। रैली में ढोल नगाड़ों और पारंपरिक गीत संगीत के बीच समाज के सदस्य उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग रैली को देखने के लिए सड़क किनारे जुटे रहे और कई लोगों ने मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो भी बनाए। आयोजकों ने बताया कि भुजरिया पर्व किन्नर समाज के लिए केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे एकता और सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक भी है। रैली के माध्यम से समाज ने अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का संदेश दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही।







