जबलपुर में पंचायत इंजीनियर के सामने सरपंच पुत्र की गुंडागर्दीः सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने वाले को पीटा

जबलपुर, यशभारत। सिहोरा मझगवां में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। पंचायत इंजीनियर के सामने सरपंच पुत्र ने गुंडागर्दी दिखाते हुए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने वाले युवक को बुरी तरह से धुन दिया। गांव में उपजे विवाद के बाद इंजीनियर मामले के निपटारा किए बिना ही वापस लौट आए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहंुचकर प्रकरण को जांच में लिया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत की जांच करने पहुंचे इंजीनियर के सामने ही ग्रामीण मारपीट करने लगे। हालत ये हो गई कि पुलिस बुलानी पड़ी। तब जाकर विवाद समाप्त हुआ। मामला मझगवां गांव का है। सिहोरा पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सिहोरा पुलिस के मुताबिक मझगवां ग्राम पंचायत निवासी गोविंद पटेल ने ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक एक सुधाकर काॅलोनी निवासी सुमन पटेल के घर के सामने सीसी रोड पर नाली का पानी बहता रहता है। इसे लेकर गोविंद ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी। इस मामले की जांच करने इंजीनियर आशीष पटेल गांव में पहुंचे। सरपंच विष्णु प्रसाद दुबे, उनका बेटा मुकेश उर्फ पप्पू दुबे और सचिव सहित गांव के अन्य लोगों की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण किया।
शिकायतकर्ता का बयान लेने पर भड़का सरपंच पुत्र
इंजीनियर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का निराकरण करने के लिए शिकायतकर्ता गोविंद पटेल से बात करने लगे। इसी पर सरपंच पुत्र मुकेश दुबे भड़क गया। उसने इंजीनियर के सामने ही गोविंद पटेल की पिटाई कर दी। गोविंद की पत्नी उमा बाई पटेल बीच-बचाव को पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट कर दी।
डायल-100 पर सूचना देकर पुलिस बुलाई
सरपंच पुत्र की मारपीट से गांव के लोग आक्रोशित हो गए। विवाद गहराता देख डायल-100 पर सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी और ग्रामीण अलग हुए। इंजीनियर आशीष पटेल भी बिना मामला निराकृत कराए लौट गए। सिहोरा पुलिस ने आरोपी सरपंच पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है







