जंगल में पेड़ से लटका मिला छात्र का शव, पास में मिला जला हुआ लैपटॉप, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। जिले के रीठी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलैया के जंगलों में बुधवार को एक 23 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला. मृतक की पहचान पवन कुमार (23), निवासी ग्राम बिजला (जिला उमरिया) के रूप में हुई है. पवन जबलपुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस को घटनास्थल से पवन का शव गमछे के फंदे पर लटका मिला। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि शव के पास ही उसका लैपटॉप पूरी तरह से जला हुआ पाया गया है. लैपटॉप के जलने और घटना की परिस्थितियों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है, जिससे पुलिस की जांच उलझ गई है। परिजनों ने बताया कि पवन लगभग एक सप्ताह पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए घर से निकला था. उसने परिवार को जानकारी दी थी कि वह पहले सतना जाएगा और वहां से फिर जबलपुर जाएगा। घटनास्थल पर उसके अन्य सामान की एक पोटली भी बरामद हुई है।








