जंगल में ट्रैक्टर-डंपर की टक्कर ; एक की मौत, एक घायल, डोलोमाइट खदान जा रहा था ट्रैक्टर

मंडला । जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र के भंवरताल जंगल में सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय नरेश कुशराम के रूप में हुई है, जो ग्राम कताजार मऊटोला निवासी हरिलाल कुशराम के पुत्र थे। ट्रैक्टर में सवार महेंद्र कुशराम को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ब्लास्टिंग कार्य में उपयोग होता था और डोलोमाइट खदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान भंवरताल जंगल के बीजापड़ाव क्षेत्र में सामने से आ रहे अज्ञात डंपर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में चालक नरेश कुशराम ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महेंद्र कुशराम दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बम्हनी बंजर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी बंजर भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।






