जबलपुरमध्य प्रदेश

गारमेंट क्लस्टर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल, सभी 14 ट्रांसफार्मर हुए चालू

11 केवी ओवरहेड लाइन से जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई

जबलपुर। विजय नगर संभाग के अंतर्गत आने वाले रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर में अंडरग्राउंड केबल नेटवर्क में आई तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हुई बिजली आपूर्ति को विद्युत विभाग ने पूरी तरह बहाल कर दिया है। विभाग की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के सभी 14 ट्रांसफार्मर अब सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और उद्योगों को निर्बाध बिजली मिल रही है।

जानकारी के अनुसार गारमेंट क्लस्टर का पूरा 11 केवी नेटवर्क अंडरग्राउंड केबल पर आधारित है। हाल ही में पांच अलग-अलग सर्किटों की दस केबलों में तकनीकी फॉल्ट आने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी। अंडरग्राउंड नेटवर्क होने के कारण कुछ स्थानों पर फॉल्ट का पता लगाना चुनौतीपूर्ण था।

बिजली विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युद्ध स्तर पर सुधार कार्य शुरू किया। प्रारंभिक मरम्मत के बाद सात ट्रांसफार्मरों को अंडरग्राउंड नेटवर्क से ही चालू कर दिया गया। वहीं शेष सात ट्रांसफार्मरों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नए पोल लगाकर निकटवर्ती 11 केवी ओवरहेड लाइन से जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में गारमेंट क्लस्टर के सभी ट्रांसफार्मर पूर्ण क्षमता के साथ कार्यरत हैं और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है। साथ ही क्षतिग्रस्त अंडरग्राउंड केबलों के स्थायी सुधार एवं प्रतिस्थापन के लिए प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद आवश्यक कार्य शुरू किया जाएगा।

बिजली कंपनी की तत्परता से उद्योगों को संभावित उत्पादन नुकसान से राहत मिली है। क्षेत्र के व्यापारियों और उद्यमियों ने विद्युत विभाग द्वारा संकट के समय की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button