छिंदवाड़ा एसपी निलंबन मामला: फरार वारंटी कोर्ट में पेश, कोर्ट ने सस्पेंशन का आदेश भी लिया वापस

जबलपुर। जबलपुर हाईकोर्ट ने छिंदवाड़ा एसपी विनायक वर्मा को सस्पेंड करने के निर्देश दिए तो पुलिस 10 घंटे में फरार वारंटी को पकड़कर ले आई। उसे कोर्ट में पेश भी कर दिया। इसके बाद कोर्ट ने एसपी वर्मा को सस्पेंड करने वाला आदेश वापस ले लिया है। इसे मध्य प्रदेश पुलिस के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। दरअसल पांच साल पुराने एक मामले में हाईकोर्ट ने एनएचएआई के प्राजेक्ट डायरेक्टर डी अनिल कुमार को पेश करने के निर्देश छिंदवाड़ा पुलिस को दिए थे। छिंदवाड़ा पुलिस ने इस मामले में वारंटी को पेश करने के बजाए जवाब भेज दिया कि उक्त अधिकारी को तबादला हो चुका है। इस जवाब से हाईकोर्ट नाराज हो गया। मामले की सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस रवि मलिमथ और जस्टिस विशाल मिश्रा ने छिंदवाड़ा एसपी को सस्पेंड करने के निर्देश दे डाले। साथ ही डीजीपी को वारंट तामिल कराने के निर्देश दिए। इस आदेश के बाद जबलपुर से लेकर भोपाल तक हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस निर्देश आने के बाद तत्परता दिखाते हुए अनिल कुमार की खोजबीन शुरू की तो पता चला वे आंध्रपदेश में हैं। इसके बाद उन्हें शुक्रवार सुबह जबलपुर बुलाकर कोर्ट के सामने पेश कर दिया गया।







