भोपालमध्य प्रदेश

हर्ष फायरिंग ने दूल्हे को पहुंचाया थाने: शादी के मंडप से सीधे FIR तक पहुंचा मामला, इंस्टाग्राम रील बनी गले की फांस

हर्ष फायरिंग ने दूल्हे को पहुंचाया थाने: शादी के मंडप से सीधे FIR तक पहुंचा मामला, इंस्टाग्राम रील बनी गले की फांस

भोपाल, यश भारत। राजधानी के परवरिया थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान कानून की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। दूल्हे ने अपनी ही बारात में कट्टे से हवाई फायरिंग कर रौब झाड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दूल्हे और उसे हथियार थमाने वाले चाचा ससुर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दूल्हा मिस्बा खान अपनी बारात लेकर पहुंचा था। निकाह की रस्मों के बीच उसने हाथ में कट्टा लेकर हवाई फायरिंग की। इस दौरान वहां मौजूद बारातियों ने इसका वीडियो बना लिया और इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड कर दी। वीडियो इंटरनेट पर फैलते ही पुलिस तक पहुंच गया, जिसके बाद परवरिया पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आ गई।

चाचा ससुर ने थमाया था कट्टा

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग के लिए दूल्हे को कट्टा उसके चाचा ससुर असलम खान ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दूल्हे मिस्बा खान और आरोपी असलम खान को नामजद करते हुए उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। गनीमत रही कि हवाई फायरिंग के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई और गोली किसी को नहीं लगी।

पुलिस की सख्त चेतावनी

परवरिया थाना पुलिस का कहना है कि हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध है और कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार वैध है या अवैध।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button